अयोध्या में राम मंदिर के फर्स्ट फ्लोर पर बनाए गए भव्य राम दरबार की प्राण प्रतिष्ठा अभिजीत मुहूर्त में पूरी विधि-विधान से सम्पन्न हुई। सीएम योगी आदित्यनाथ ने पूजन किया। 11:25 से 11:40 बजे तक चले कार्यक्रम में 101 विद्वान पंडितों ने मंत्रोच्चार के साथ श्रीराम, सीता, लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्न और हनुमानजी की मूर्तियों में प्राण प्रतिष्ठित किए।
राम दरबार के लिए सूरत के कारोबारी मुकेश पटेल ने एक हजार कैरेट हीरा, 30 किलो चांदी और 300 ग्राम सोना दान में दिया। इनसे भगवानों के मुकुट, हार, तिलक और धनुष-बाण बनाए गए। श्रद्धालुओं को दर्शन कब से होंगे, इसकी जानकारी ट्रस्ट जल्द देगा।